Education
🔴 Breaking

गणित-विज्ञान की दक्षता में कौशांबी प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम

केजीबीवी की 88 प्रतिशत छात्राओं ने हासिल किया अक्टूबर माह का निर्धारित मासिक लक्ष्य, गाजियाबाद के साथ साझा किया शीर्ष स्थान; बीएसए के सतत अनुश्रवण का दिखा असर

23 views

कौशाम्बी : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) की छात्राओं ने गणित और विज्ञान विषयों में अपनी शैक्षिक दक्षता का प्रदर्शन करते हुए जनपद को प्रदेश स्तर पर गौरवान्वित किया है। अक्टूबर माह की प्रदेश स्तरीय मूल्यांकन रिपोर्ट में जनपद की 88 प्रतिशत छात्राओं ने गणित और विज्ञान के निर्धारित मासिक कौशलों का लक्ष्य हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ कौशांबी ने गाजियाबाद के साथ प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया है। बालिकाओं की शैक्षिक गुणवत्ता में आए इस सुधार को शिक्षकों की मेहनत, नियमित अभ्यास और विभागीय स्तर पर किए जा रहे सतत अनुश्रवण का परिणाम माना जा रहा है।

प्रदेश स्तरीय प्रगति रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर माह में प्रदेशभर की 27,628 छात्राओं ने गणित के चार और विज्ञान के चार निर्धारित कौशलों का मासिक लक्ष्य प्राप्त किया। यह कुल छात्राओं का 34 प्रतिशत है। वहीं कौशांबी में 700 छात्राओं ने लक्ष्य हासिल कर 88 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की। गाजियाबाद की 483 छात्राओं ने भी 88 प्रतिशत उपलब्धि के साथ पहला स्थान साझा किया, जबकि सहारनपुर 780 छात्राओं और 87 प्रतिशत उपलब्धि के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

सितंबर माह की तुलना में प्रदेश स्तर पर लक्ष्य हासिल करने वाली छात्राओं की संख्या में भी कमी दर्ज की गई। सितंबर में 29,323 छात्राओं यानी 37 प्रतिशत ने निर्धारित कौशलों में दक्षता हासिल की थी, जबकि अक्टूबर में यह आंकड़ा 27,628 और 34 प्रतिशत रहा। ऐसे में कौशांबी का 88 प्रतिशत तक पहुंचना जनपद के शैक्षिक प्रयासों की अहम उपलब्धि है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने इस उपलब्धि पर जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की वार्डन, पूर्णकालिक गणित व विज्ञान शिक्षकों और संबंधित कार्मिकों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति के प्रयास का परिणाम नहीं, बल्कि सभी के सामूहिक परिश्रम, नियमित शैक्षणिक गतिविधियों और निरंतर समीक्षा का प्रतिफल है। उन्होंने इस उपलब्धि को बनाए रखने के साथ ही आगामी महीनों में प्रदर्शन को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

इसी क्रम में नवंबर माह के लिए सभी आठ वार्डन को विद्यालयवार और कक्षावार प्रगति की तत्काल समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। छात्राओं के गणित व विज्ञान विषयों में निर्धारित कौशलों की प्राप्ति और नियमित अभ्यास पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। वार्डन और पूर्णकालिक शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ ही छात्राओं को अभ्यास के लिए पर्याप्त समय और जरूरी शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।

कम उपलब्धि वाले विद्यालयों को चिह्नित कर वहां विशेष शैक्षणिक सहयोग और अतिरिक्त अनुश्रवण की व्यवस्था की जाएगी। विद्यालयवार प्रगति की नियमित समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी छात्रा निर्धारित अधिगम लक्ष्यों से पीछे न रहे। विभाग का प्रयास है कि नवंबर माह में भी कौशांबी अपनी उपलब्धि को बरकरार रखते हुए प्रदेश के समग्र शैक्षिक प्रदर्शन में और बेहतर योगदान दे।

जिला समन्वयक बालिका शिक्षा योगेश तिवारी ने बताया कि अक्टूबर माह में गणित और विज्ञान की दक्षता में कौशाम्बी का प्रदेश में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त करना उत्साहजनक उपलब्धि है। अब हमारा लक्ष्य 88 प्रतिशत के स्तर को और आगे बढ़ाना है। इसके लिए सभी केजीबीवी में छात्राओं के नियमित अभ्यास, कक्षावार प्रगति की समीक्षा और शिक्षकों के साथ बेहतर समन्वय पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। कम प्रगति वाले विद्यालयों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग दिया जाएगा। हमारा प्रयास है कि प्रत्येक छात्रा गणितीय कौशल और वैज्ञानिक दृष्टिकोण में दक्ष बने और शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को नई दिशा दे सके।