Education
🔴 Breaking

गंगसरी विद्यालय में कक्षा स्तर के अनुरूप दक्ष मिले सभी उपस्थित बच्चे

एसआरजी ने किया सपोर्टिव सुपरविजन, गतिविधि आधारित शिक्षण और निपुण लक्ष्य की प्रगति परखी

131 views
गंगसरी विद्यालय में कक्षा स्तर के अनुरूप दक्ष मिले सभी उपस्थित बच्चे
1 / 2
Image 1 of 2(Primary Cover)

कौशाम्बी: परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने और बच्चों में बुनियादी साक्षरता एवं गणितीय दक्षता विकसित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकासखंड मूरतगंज के प्राथमिक विद्यालय गंगसरी में सपोर्टिव सुपरविजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी के आदेश और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा के निर्देश पर पहुंचे राज्य संदर्भ समूह (एसआरजी) के सदस्य डा. ओमप्रकाश सिंह ने विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, गतिविधि आधारित शिक्षण और बच्चों के अधिगम स्तर का आकलन किया।

प्रभारी प्रधानाध्यापक राजन प्रजापति की उपस्थिति में किए गए निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पंजीकृत 44 बच्चों के सापेक्ष 35 उपस्थित मिले। खास बात यह रही कि आकलन में सभी 35 बच्चे अपनी कक्षा के निर्धारित शैक्षिक स्तर के अनुरूप दक्ष पाए गए। डा. सिंह ने सहना बानो, इलमा, आकाश, अदनान, इनाया, अर्श, विकास, सना और सुनीता सहित अन्य बच्चों से संवाद कर उनकी पठन, लेखन और गणितीय समझ को परखा।

विद्यालय में बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। लेखन और अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के लिए 'आओ हस्ताक्षर करके सीखें' गतिविधि कराई जा रही है। वहीं गणितीय अवधारणाओं को सरल बनाने के लिए गणित किट के ब्रिक्स और टाइल्स का प्रयोग किया जा रहा है। बच्चों को नियमित अभ्यास कराने के लिए कार्यपुस्तिका और लेखन कॉपी का भी उपयोग किया जा रहा है।

एसआरजी सदस्य ने शिक्षक संदर्शिका के माध्यम से बहुकक्षा शिक्षण, अपेक्षित दक्षता से पीछे रह गए बच्चों के लिए कैचअप शिक्षण और टेन टूल किट के प्रयोग की भी जानकारी ली। इसके साथ ही निपुण तालिका के अद्यतन, कक्षा आधारित शिक्षण नियोजन और बच्चों की पठन-लेखन दक्षता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

डॉ. ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि सपोर्टिव सुपरविजन का उद्देश्य कमियां तलाशना नहीं, बल्कि शिक्षकों को अकादमिक सहयोग देकर शिक्षण प्रक्रिया को और प्रभावी बनाना है। प्रत्येक बच्चा अपनी अलग क्षमता और सीखने की गति के साथ विद्यालय आता है। ऐसे में शिक्षकों को बच्चों की जरूरत के अनुसार शिक्षण विधियों और टीएलएम का प्रयोग करना चाहिए। निपुण भारत मिशन की सफलता तभी सुनिश्चित होगी, जब प्रत्येक बच्चा पढ़ने, लिखने और गणितीय अवधारणाओं को समझने में दक्ष होगा। इसके लिए नियमित अभ्यास, सतत आकलन और बच्चों के साथ आत्मीय संवाद जरूरी है।

इस दौरान प्रभारी प्रधानाध्यापक राजन प्रजापति सहित विद्यालय परिवार को शैक्षिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार और निपुण लक्ष्य प्राप्त करने के लिए आवश्यक अकादमिक सुझाव दिए गए। उल्लेखनीय है कि मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी और बीएसए डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा के निर्देशन में जनपद के परिषदीय विद्यालयों में सपोर्टिव सुपरविजन के माध्यम से शिक्षण व्यवस्था को सशक्त बनाने और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।