Education
🔴 Breaking

घर-घर तिरंगा फहराने का छात्रों ने लिया संकल्प

प्राकृतिक सामग्री से तिरंगा बनाकर बच्चों ने दिया राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश

25 views

कौशाम्बी : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान को लेकर गुरुवार को सिराथू विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय रामपुर धमावां में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। सहायक अध्यापक दीप नारायण मिश्र के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने गुड़हल, गुलाब, चांदनी के फूलों और हरी पत्तियों की सहायता से आकर्षक तिरंगा तैयार किया। प्राकृतिक सामग्री से बनाए गए तिरंगे के माध्यम से बच्चों ने राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। सहायक अध्यापक दीप नारायण मिश्र ने बच्चों को राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, उसकी गरिमा और हर घर तिरंगा अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रत्येक परिवार को अपने घर पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी और प्रेम का परिचय देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, स्वतंत्रता और गौरव का प्रतीक है। सभी लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराने के साथ बच्चों और आसपास के लोगों को भी राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक करें।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका भावना शुक्ला ने भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस के महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर सहायक अध्यापक विजयराज सिंह, सहायक अध्यापक दीप नारायण मिश्र, प्रशिक्षु शिक्षक रंजना सहित रसोइयां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला।