कौशाम्बी : परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और नए नामांकन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय अहमतिया में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया। अभियान के तहत विद्यालय के अध्यापक दिव्य यादव ने गांव में घर-घर जाकर अभिभावकों और बच्चों से संपर्क किया व शिक्षा के महत्व के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का अधिकार है और बच्चों का विद्यालय से जुड़ना उनके उज्ज्वल भविष्य की पहली सीढ़ी है। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों का शीघ्र नामांकन कराने व नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को विद्यालय में संचालित विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों, सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और नियमित उपस्थिति के लाभों की भी जानकारी दी गई। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ने का आह्वान किया गया।
अध्यापक दिव्य यादव ने कहा कि "हर बच्चा विद्यालय जाए, शिक्षित होकर देश का भविष्य बनाए" केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज को शिक्षित और सशक्त बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही शत-प्रतिशत नामांकन और नियमित उपस्थिति का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
अभियान को लेकर ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बच्चों की पढ़ाई और नियमित विद्यालय भेजने का भरोसा दिलाया।
