कौशाम्बी। पिपरी थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में शुक्रवार दोपहर सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। गैस सिलेंडर लेने घर से निकली महिला को तेज रफ्तार रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत फरार हो गया।
सिंहपुर गांव निवासी कुललुआईन (50), पत्नी कुल्लू, शुक्रवार दोपहर गैस सिलेंडर लेने जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही सरकारी रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतका के पति कुल्लू मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पहुंची पिपरी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार रोडवेज बस और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
