कौशाम्बी। तहसील क्षेत्र के हिसामपुर परसखी गांव में गंगा नदी किनारे बसे मजरा सुखऊ का पुरवा का गुरुवार को उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रमेश श्रीवास्तव ने राजस्व टीम के साथ वर्षा के चलते गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर राजस्व कर्मियों को नियमित निगरानी करने के साथ ही मजरे में जर्जर भवनों में आवासित ग्रामीणों को सुरक्षित स्थल पर समायोजित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने बताया की फिलहाल अभी तहसील के लोएस्ट प्वाइंट सुखऊ का पुरवा है। जहां अभी गंगा नदी का जलस्तर करीब 15 फिट नीचे है। जो अभी राहत की बात है। बढ़ते जलस्तर की संभावना के दृष्टिगत मौके पर राजस्व कर्मियों की जवाबदेही तय करते हुए मजरे की नियमित निगरानी करने के साथ ही लोगों को सुरक्षित स्थल पर पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। लापरवाही के मामले प्रकाश में आने पर संबंधित से जबाब मांगा जायेगा।
इस मौके पर राजस्व निरीक्षक भान सिंह, रोहित अग्रहरि, लेखपाल प्रतुल मिश्रा, ग्राम प्रधान/ प्रशासक शिव प्रताप सिंह मौजूद रहे।
-----------------
