Education
🔴 Breaking

एफएलएन प्रशिक्षण से निखरी शिक्षकों की दक्षता, कौशांबी ब्लाक के सभी शिक्षक हुए प्रशिक्षित

छठे बैच के पांच दिवसीय प्रशिक्षण का समापन, ब्लाक के 569 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण

165 views

कौशाम्बी : ब्लाक संसाधन केंद्र कौशांबी में संचालित बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) शिक्षक प्रशिक्षण के छठे बैच का पांच दिवसीय प्रशिक्षण सोमवार को संपन्न हुआ। खंड शिक्षा अधिकारी डा. अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण के साथ ही ब्लाक कौशांबी से संबंधित सभी शिक्षकों का एफएलएन प्रशिक्षण पूरा हो गया। छठा बैच पूर्ण होने पर ब्लाक के कुल 569 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन शिक्षकों को समग्र प्रगति पत्र (एचपीसी), विद्यार्थी स्व-आकलन, सकारात्मक व सुधारात्मक प्रतिपुष्टि और अभिभावक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। इन विषयों पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को विद्यालय में बच्चों के सीखने की प्रगति का प्रभावी आकलन करने और उसके आधार पर आवश्यक सुधारात्मक रणनीति तैयार करने का अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बाल केंद्रित व गतिविधि आधारित शिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न शिक्षण रणनीतियों से परिचित कराया गया। संदर्भदाताओं ने कक्षा-कक्ष में बच्चों की सक्रिय सहभागिता बढ़ाने, उनकी सीखने की गति को समझने तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

प्रशिक्षण में संदर्भदाता के रूप में एआरपी कृष्णप्रकाश सिंह, एआरपी अनिल सिंह, एआरपी अजीत कुमार शुक्ला, एआरपी पुष्पेंद्र सिंह व एआरपी अमर रंजन साहू उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में शिक्षकों को प्रभावी शिक्षण पद्धतियों, गतिविधियों और आकलन की प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया।

प्रशिक्षण के समापन पर शिक्षकों ने प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान, अनुभव और शिक्षण रणनीतियों को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करने का संकल्प लिया। खंड शिक्षा अधिकारी व संदर्भदाताओं ने कहा कि एफएलएन के माध्यम से बच्चों की बुनियादी साक्षरता व संख्याज्ञान को मजबूत करने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।