Education
🔴 Breaking

एंटीबायोटिक के दुरुपयोग से बढ़ रहा खतरा, जागरूकता के लिए निकाली रैली

राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के तहत 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा, नुक्कड़ नाटक और पोस्टर के जरिए भी दिया जागरूकता का संदेश

33 views

कौशाम्बी: एंटीबायोटिक दवाओं का बिना चिकित्सकीय सलाह के सेवन और निर्धारित अवधि से पहले दवा छोड़ने की आदत भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकती है। एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के इसी खतरे के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को चंद्र शेखर सिंह कालेज आफ फार्मेसी, कोइलहा में जागरूकता अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने रैली निकालकर लोगों को दवाओं के सही इस्तेमाल का संदेश दिया।

फार्मेसी काउंसिल आफ इंडिया (पीसीआइ) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस अभियान के अंतर्गत सप्ताहभर विभिन्न शैक्षणिक और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसमें रील मेकिंग, लीफलेट मेकिंग, पोस्टर प्रेजेंटेशन, क्विज प्रतियोगिता, स्किट और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से एंटी माइक्रोबियल रेजिस्टेंस के कारणों और इसके दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई।

बुधवार को निकाली गई जागरूकता रैली कोइलहा से पुरामुफ्ती बार्डर स्थित जीटी रोड तक पहुंची। इसमें क्षेत्र के करीब सात से आठ फार्मेसी कालेजों के 500 से 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने आमजन को बताया कि एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल केवल चिकित्सक की सलाह पर करना चाहिए। दवाओं की निर्धारित खुराक और अवधि का पालन करना भी जरूरी है। बिना जरूरत एंटीबायोटिक लेने से बैक्टीरिया पर दवाओं का असर कम होने लगता है, जिससे सामान्य संक्रमण का उपचार भी मुश्किल हो सकता है।

अभियान में विभिन्न संस्थानों के प्राचार्यों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सहभागिता करते हुए एएमआर के खतरे से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। महाविद्यालय प्रबंधन और आयोजन समिति ने कार्यक्रम में शामिल सभी संस्थानों के प्रति आभार जताया। प्राचार्य प्रो. एसके गुप्ता ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। साथ ही आमजन को दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करने में फार्मासिस्ट की भूमिका भी मजबूत होती है।