Education
🔴 Breaking

'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत पेरई विद्यालय में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

पौधों की देखभाल की शपथ दिलाई गई, एआरपी ने बच्चों को प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश

24 views

कौशाम्बी : पर्यावरण संरक्षण एवं मातृशक्ति के सम्मान को समर्पित 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत शुक्रवार को विकासखंड नेवादा के उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए पौधों की नियमित देखभाल करने की प्रेरणा भी दी गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एआरपी अभय कुमार सिंह एवं एआरपी राजीव जायसवाल ने कहा कि मां हमें जीवन देती हैं और पेड़ भी जीवन का आधार हैं। ऐसे में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान केवल पौधरोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और मातृशक्ति के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक बच्चा अपनी मां के नाम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी से देखभाल करे तो आने वाले समय में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव होगा। इससे धरती हरियाली से आच्छादित होगी और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण मिलेगा।

कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन ग्रीन शिक्षक हरिओम सिंह ने किया। उन्होंने बच्चों को पौधों के महत्व, जैव विविधता के संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पौधे केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, वर्षा चक्र को नियमित रखने तथा जीव-जंतुओं के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का आह्वान किया कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी। उन्होंने सभी से पौधों को संरक्षित रखने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण की सामूहिक शपथ ली। इस अवसर पर सोनी गुप्ता, अर्चना सिंह, विजेता कनौजिया, अन्नू केसरवानी, हुबलाल वर्मा, चक्रपाणि मिश्रा, हिमाद्री, सपना श्रीवास्तव, ऋषि, अल्का, प्रिया, प्राची, विद्यालय की रसोइया एवं बड़ी संख्या में सम्मानित अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।