Education
🔴 Breaking

'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत बीआरसी कड़ा परिसर में हुआ पौधरोपण, संरक्षण का लिया संकल्प

पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधे का संरक्षण व संवर्धन करेगा: नीरज उमराव

18 views

कौशाम्बी : पर्यावरण संरक्षण एवं मातृशक्ति के सम्मान को समर्पित 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत शुक्रवार को बीआरसी कड़ा परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव ने पौधा रोपित कर अभियान का शुभारंभ किया और सभी से पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।

इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधों का संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित करे। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ परिवार साक्षरता के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षित और जागरूक परिवार ही समाज के समग्र विकास की मजबूत नींव रखते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग रहने और घर में सीखने का सकारात्मक वातावरण विकसित करने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की शपथ ली। इस मौके पर शिक्षक भोलेंद्र वर्मा, कमला सोनकर सहित बीआरसी स्थित स्कूल के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।