कौशाम्बी : मिशन शक्ति अभियान के तहत कंपोजिट विद्यालय खाचकीमई, विकासखंड कड़ा में कक्षा आठ की छात्रा दिव्यांशी को एक दिन के लिए प्रधानाध्यापिका बनाया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के साथ विद्यालय की कार्यप्रणाली और पठन-पाठन की व्यवस्था से परिचित कराना था।
एक दिन की प्रधानाध्यापिका बनीं दिव्यांशी ने विद्यालय की विभिन्न पंजिकाओं का अवलोकन किया और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कक्षाओं में शिक्षकों के शिक्षण कार्य का निरीक्षण करने के साथ शिक्षक डायरी, निपुण तालिका और कैचअप कार्यक्रम की स्थिति भी देखी। विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता परखने के लिए प्रश्न भी पूछे।
दिव्यांशी ने समय सारिणी के अनुसार शिक्षण कार्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए शिक्षकों की सराहना की। उन्होंने मध्याह्न भोजन को चखकर उसकी गुणवत्ता परखी। मेन्यू के अनुसार स्वास्थ्यप्रद भोजन मिलने पर प्रसन्नता जताई। पूरे दिन विद्यालय का संचालन अपने मार्गदर्शन में करते हुए दिव्यांशी ने जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया। यह पहल छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण रही।
