Education
🔴 Breaking

एआइ के इस्तेमाल से स्मार्ट बनेगी परिषदीय विद्यालयों की पढ़ाई, 100 शिक्षक ले रहे प्रशिक्षण

डायट मंझनपुर में आवश्यकता आधारित प्रशिक्षण का सातवां बैच जारी, डिजिटल कंटेंट निर्माण से लेकर आईसीटी आधारित पाठ योजना और मूल्यांकन की सीख रहे बारीकियां

125 views

कौशाम्बी : परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी, रोचक और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) के उपयोग में दक्ष किया जा रहा है। आधुनिक तकनीक के माध्यम से कक्षा शिक्षण को सरल और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से डायट मंझनपुर में आवश्यकता आधारित एआइ प्रशिक्षण का सातवां बैच संचालित किया जा रहा है। इसमें सिराथू और सरसवां विकास खंड के कुल 100 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दूसरे दिन मंगलवार को विभिन्न सत्रों के माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक शैक्षिक तकनीकों और उनके व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में 21वीं सदी के कौशल, डिजिटल कंटेंट निर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का शैक्षणिक उपयोग, आईसीटी आधारित पाठ योजना तैयार करने और मूल्यांकन की नवीन तकनीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों को बताया गया कि बदलते समय में कक्षा शिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए तकनीकी दक्षता बेहद जरूरी है। एआइ के माध्यम से शिक्षक कम समय में विषय आधारित शिक्षण सामग्री तैयार कर सकते हैं। साथ ही बच्चों के सीखने के स्तर और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण गतिविधियों की योजना भी बना सकते हैं।

प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि एआइ और डिजिटल तकनीक का उपयोग केवल जानकारी जुटाने तक सीमित न रहे, बल्कि इसे विद्यालयों की दैनिक शिक्षण गतिविधियों का हिस्सा बनाया जाए। डिजिटल कंटेंट के माध्यम से कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने, रोचक गतिविधियां तैयार करने और बच्चों की शैक्षिक दक्षता का बेहतर आकलन करने में मदद मिल सकती है। इससे शिक्षकों को पाठ योजना बनाने, प्रश्नपत्र तैयार करने और विद्यार्थियों की प्रगति का मूल्यांकन करने में भी सहूलियत होगी।

प्रशिक्षण की नोडल प्रवक्ता डॉ. वंदना सिंह, दिनेश कुमार यादव, हरिओम सिंह और सबीह मुस्तफा ने अलग-अलग सत्रों में विषयवार जानकारी दी। उन्होंने शिक्षकों को एआइ आधारित शैक्षणिक गतिविधियों की उपयोगिता और कक्षा में उनके प्रभावी प्रयोग के बारे में बताया। प्रशिक्षण में शिक्षकों की सहभागिता के साथ तकनीक के व्यावहारिक पक्ष पर भी जोर दिया जा रहा है।

इस अवसर पर डायट के सभी प्रवक्ता उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक गुणवत्तापूर्ण, प्रभावशाली और विद्यार्थियों के लिए रुचिकर बनाना है।