Education
🔴 Breaking

दिव्यांग बच्चों की राह होगी आसान, 182 विद्यार्थियों को मिले सहायक उपकरण

समेकित शिक्षा के तहत बीआरसी कौशांबी में लगा वितरण शिविर, ट्राई साइकिल से लेकर व्हीलचेयर और स्मार्ट केन तक बांटे गए उपकरण

126 views

कौशाम्बी : दिव्यांगता अब बच्चों की शिक्षा में बाधा नहीं बनेगी। उनकी जरूरतों के अनुरूप सहायक उपकरण और उपस्कर मिलने से विद्यालय तक पहुंचने और पढ़ाई करने की राह आसान होगी। शुक्रवार को समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा के तहत बीआरसी कौशांबी में उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इसमें परिषदीय और पीएमश्री विद्यालयों में नामांकित 182 दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण वितरित किए गए।

शिविर का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। बीएसए ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और उनकी जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। सहायक उपकरण मिलने से बच्चों की विद्यालय आने-जाने के साथ ही शिक्षण गतिविधियों में भागीदारी भी आसान होगी।

शिविर में अस्थि दिव्यांग बच्चों को 15 ट्राई साइकिल, 14 रोलेटर, 16 एल्बो क्रच और दो बैसाखी वितरित की गईं। दृष्टिबाधित बच्चों को दो ब्रेल किट और तीन स्मार्ट केन दी गईं। मानसिक दिव्यांगता से प्रभावित बच्चों को 83 एमआर किट, सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों को 22 व्हीलचेयर और श्रवण बाधित बच्चों को 34 श्रवण यंत्र प्रदान किए गए। उपकरणों का वितरण एलिम्को कानपुर के विशेषज्ञ आदर्श द्विवेदी के सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी डा. अरुण कुमार सिंह, नवागत खंड शिक्षा अधिकारी श्रवण कुमार पाल और जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अवधेश कुमार पांडेय का मार्गदर्शन रहा। खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार राय की उपस्थिति भी रही। शिविर में विशेष शिक्षक अभिषेक कुमार सिंह, आशुतोष श्रीवास्तव, प्रदीप कुमार, शारदा कुमार सिंह, राम बहादुर कुशवाहा, वशिष्ठ नारायण शुक्ल, श्रद्धा सिंह, मोहम्मद अफसर, रवि कुमार सिंह, इरशाद हुसैन, शालिनी सोनकर, राजीव कुमार तिवारी और फिजियोथैरेपिस्ट पंकज साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।