Education
🔴 Breaking

दिव्यांग बच्चों के लिए लगा मेडिकल असेसमेंट कैंप, 35 को मिला दिव्यांगता प्रमाण पत्र

बीआरसी कड़ा में 53 बच्चों का हुआ परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किया स्वास्थ्य आकलन

11 views

कौशांबी: समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित समेकित शिक्षा कार्यक्रम के तहत बुधवार को विकास खंड कड़ा स्थित बीआरसी परिसर में परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बच्चों के लिए मेडिकल असेसमेंट कैंप आयोजित किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर पात्र पाए गए 35 बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी किए।

शिविर का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा के निर्देशन तथा खंड शिक्षा अधिकारी नीरज उमराव एवं जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) अवधेश कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड ने दिव्यांग बच्चों का विस्तृत परीक्षण किया।

मेडिकल बोर्ड में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. ब्रह्मा शुक्ला, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. हेमंत यादव, मनोवैज्ञानिक डॉ. पंकज कोटार्य, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. ज्ञानेंद्र धर द्विवेदी, ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. संकल्प शुक्ला, मनोचिकित्सक डॉ. नितेश सिंह तथा ऑप्टोमेट्रिस्ट डॉ. अखिलेश कुमार शामिल रहे। विशेषज्ञों ने प्रत्येक बच्चे की दिव्यांगता का परीक्षण कर आवश्यकतानुसार प्रमाण पत्र जारी किए।

शिविर में कुल 53 बच्चों ने प्रतिभाग किया, जिनमें दो मूक-बधिर, छह दृष्टिबाधित, 36 मानसिक दिव्यांग तथा नौ अस्थि दिव्यांग बच्चे शामिल रहे। परीक्षण के बाद 35 पात्र बच्चों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जबकि शेष बच्चों के प्रकरण आवश्यक चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी होने तक अग्रिम कार्रवाई के लिए सुरक्षित रखे गए।

शिविर के सफल संचालन में बीआरसी कड़ा के स्पेशल एजुकेटर पुष्पेंद्र द्विवेदी, नीता मिश्रा, राम बहादुर कुशवाहा, पुष्पेंद्र सिंह, शारदा कुमार सिंह, वशिष्ठ नारायण शुक्ला तथा फिजियोथेरेपिस्ट पंकज साहू ने सक्रिय सहयोग दिया। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के मेडिकल असेसमेंट कैंप से दिव्यांग बच्चों को शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।