Education
🔴 Breaking

दिवंगत शिक्षक के परिवार को 50 लाख तक की मदद करेगी टीएससीटी

बीईओ मंझनपुर व टीम ने स्वजन से मिलकर बंधाया ढांढस, जिले में अब तक तीन दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को मिल चुकी है 1.5 करोड़ से अधिक की सहायता

47 views

कौशाम्बी : टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) दिवंगत शिक्षक सदस्यों के परिवारों को आर्थिक सहायता देकर उन्हें संबल प्रदान कर रही है। संगठन की ओर से प्रदेश में अब तक करीब 636 दिवंगत शिक्षकों के परिवारों को 287 करोड़ रुपये से अधिक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।

इसी क्रम में टीएससीटी के प्रांतीय अध्यक्ष विवेकानंद के निर्देश पर कौशांबी टीम ने मंझनपुर विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय देवी दयाल का पूरा में तैनात रहे दिवंगत शिक्षक मोहम्मद इमरान के आवास पहुंचकर स्वजन से मुलाकात की। खंड शिक्षा अधिकारी मंझनपुर प्रमोद गुप्ता और टीम के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।

जिला संयोजक प्रज्ञानंद ने बताया कि कौशांबी में यह चौथा अवसर है, जब टीएससीटी की ओर से दिवंगत शिक्षक के परिवार को आर्थिक सहयोग दिया जा रहा है। इससे पहले रचना सिंह, श्रीनारायण पांडेय और शिक्षामित्र अजय कुमार के परिवारों को 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत संगठन के प्रत्येक सदस्य दिवंगत शिक्षक के नामिनी के बैंक खाते में 15 रुपये की सहयोग राशि सीधे भेजेंगे। सभी सदस्यों के सहयोग से परिवार को करीब 50 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का लक्ष्य है।

इस दौरान बीईओ प्रमोद गुप्ता, प्रेम शुक्ल, बालचंद्र, अनूप मोहन पटेल, राजेश कुशवाहा, प्रकाश शंकर मोदनवाल, विकास सिंह, राजेश चौधरी व सुनील कुमार मौजूद रहे।