कौशाम्बी: शहजादपुर में चल रही रामलीला में गुरुवार को धनुष भंग और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का मोहक मंचन किया गया। कलाकारों ने सजीव अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया। इस दौरान दर्शक देर तक रामलीला का आनंद लेते रहे।
मंचन में दिखाया गया कि महर्षि विश्वामित्र के साथ भगवान श्रीराम और लक्ष्मण जनकपुर पहुंचते हैं। यहां राजा जनक अपनी पुत्री सीता के स्वयंवर के लिए शर्त रखते हैं कि जो भी शिव धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाएगा, उसी से सीता का विवाह होगा। दूर-दूर से आए राजा धनुष उठाने का प्रयास करते हैं, लेकिन सफल नहीं हो पाते। अंत में गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर श्रीराम धनुष उठाते हैं और प्रत्यंचा चढ़ाते ही धनुष टूट जाता है।
धनुष टूटने की आवाज सुनकर भगवान परशुराम क्रोधित होकर जनक दरबार पहुंचते हैं और धनुष तोड़ने वाले के बारे में पूछते हैं। इस दौरान लक्ष्मण और परशुराम के बीच तीखा संवाद होता है। वहीं, भगवान श्रीराम विनम्रता से परशुराम को शांत करने का प्रयास करते हैं। कलाकारों की संवाद अदायगी और अभिनय ने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।
रामलीला का आयोजन प्राचीन रामलीला कमेटी की अगुवाई में किया जा रहा है। कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप पाण्डेय, उपाध्यक्ष संजय मिश्रा, महामंत्री सत्यम त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष प्रदीप पाण्डेय और मीडिया प्रभारी शिवम् पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारी आयोजन की व्यवस्थाओं में जुटे हैं।
