Education
🔴 Breaking

डिस्लेक्सिया के प्रति बच्चों को किया जागरूक

समय पर पहचान और उचित शैक्षणिक सहयोग से बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना संभव

91 views

कौशाम्बी: कंपोजिट विद्यालय सरसवां में बुधवार को डिस्लेक्सिया जागरूकता दिवस मनाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुमार कुशवाहा और खंड शिक्षा अधिकारी सरसवां राजीव प्रताप सिंह के निर्देशन व जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अवधेश कुमार पांडेय के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को डिस्लेक्सिया के लक्षण, पहचान और प्रबंधन के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि डिस्लेक्सिया एक विशिष्ट अधिगम दिव्यांगता है, जिससे प्रभावित बच्चों को पढ़ने, वर्तनी लिखने और लेखन संबंधी कार्यों में कठिनाई हो सकती है। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत इसे विशिष्ट अधिगम दिव्यांगता (स्पेसिफिक लर्निंग डिसेबिलिटी) के अंतर्गत मान्यता दी गई है। ऐसे बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें उचित शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तो उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम में शिक्षकों, विशेष शिक्षकों, अभिभावकों और सहपाठियों को डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चों के प्रति संवेदनशील रहने और उनकी आवश्यकताओं को समझने के लिए जागरूक किया गया। बताया गया कि ऐसे बच्चों को प्रोत्साहन, धैर्य और उनकी सीखने की क्षमता के अनुरूप शैक्षणिक सहयोग देना आवश्यक है, ताकि वे बिना किसी हीनभावना के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।

कार्यक्रम का आयोजन स्पेशल एजुकेटर शारदा कुमार सिंह ने किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राम भवन, आरपी राजेश कुमार सिंह, सहायक अध्यापक कुशाल सिंह, गौरी शंकर, नीरज कुमार मिश्रा और बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।