Education
🔴 Breaking

डिप्टी सीएम से मिले अटेवा पदाधिकारी, पुरानी पेंशन बहाली की उठाई मांग

21 अगस्त की OPS तिरंगा यात्रा में शामिल होने का दिया आमंत्रण, टीईटी अनिवार्यता खत्म करने और निजीकरण पर रोक की मांग

105 views

कौशाम्बी :प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के रविवार को संयारा स्थित सर्किट हाउस पहुंचने पर अटेवा पदाधिकारियों ने मुलाकात कर शिक्षकों और कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांगपत्र सौंपा। पदाधिकारियों ने प्रदेश में पुरानी पेंशन व्यवस्था (OPS) बहाल करने, कार्यरत शिक्षकों पर टीईटी (TET) की अनिवार्यता समाप्त करने तथा सरकारी संस्थाओं के निजीकरण पर रोक लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई।

अटेवा जिलाध्यक्ष कुशल सिंह ने उपमुख्यमंत्री से कहा कि प्रदेश के करीब 15 लाख शिक्षक और कर्मचारी नई पेंशन व्यवस्था (NPS) के दायरे में हैं। संगठन का कहना है कि एनपीएस से सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले लाभ को लेकर कर्मचारियों में असुरक्षा और असंतोष की स्थिति है। उन्होंने कर्मचारियों के बुढ़ापे की सुरक्षा के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था को पुनः बहाल करने का अनुरोध किया।

जिला मंत्री रमेश चंद्र सेन ने आरटीई एक्ट के तहत पूर्व में नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त रखने तथा कार्यरत शिक्षकों पर टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने की मांग रखी। साथ ही सरकारी संस्थाओं के लगातार निजीकरण को रोकने की बात कही। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन लंबे समय से पत्राचार, धरना, प्रदर्शन और रैलियों के माध्यम से इन समस्याओं को सरकार तक पहुंचाता रहा है।

पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि पुरानी पेंशन बहाली और टीईटी अनिवार्यता समाप्त करने की मांग को लेकर 21 अगस्त को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर OPS तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 25 सितंबर को लखनऊ में रैली प्रस्तावित है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री को मंझनपुर के डायट मैदान में होने वाली तिरंगा यात्रा में शामिल होने का सादर आमंत्रण भी दिया।

इस दौरान पूर्व विधायक मंझनपुर लाल बहादुर,पूर्व विधायक सिराथू शीतला प्रसाद पटेल, पूर्व विधायक चायल संजय कुमार गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मराज मौर्य, राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रतिभा कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर और भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष शिव प्रताप मौर्य को भी तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया। इकबाल अली, आशीष सिंह, राजेश कुमार, अमित कुमार, गोपाल चंद्र, जिला आय-व्यय निरीक्षक राज कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।