Education
🔴 Breaking

चित्रों में दिखा बच्चों का विकसित भारत का सपना

मेहनत और लगन से पढ़ाई कर देश के विकास में योगदान देने का किया आह्वान

23 views

कौशाम्बी: मूरतगंज विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय कसिया पूर्व प्रथम में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने अपनी कल्पनाओं और रचनात्मक सोच के माध्यम से विकसित एवं समृद्ध भारत की तस्वीर कागज पर उकेरी। बच्चों ने शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक, आत्मनिर्भरता और देश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष कविता पासी ने बच्चों के चित्रों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के विकास में बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थी आज मन लगाकर शिक्षा ग्रहण करेंगे तो भविष्य में देश को नई दिशा देने में सक्षम होंगे।

उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक शिक्षित, साक्षर और जागरूक बने। बच्चों को अपने आसपास स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी फैलाना चाहिए। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों की सराहना करते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

पूर्व में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि ने अपने हाथों से पुरस्कार देकर सम्मानित किया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह की रचनात्मक गतिविधियों से बच्चों की कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है।

कार्यक्रम का संचालन मारुति नंदन त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर आलोक द्विवेदी, अनुराधा वर्मा, अमित सिंह, राजकुमार वर्मा, शान अहमद, राहुल पांडे, मिथिलेश, शारदा वर्मा, सुषमा सहित विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक और अन्य लोग उपस्थित रहे।