Education
🔴 Breaking

चित्रों में बच्चों ने उकेरे विकसित भारत के सपने

सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों के साथ शिक्षक ने भी बनाई पेंटिंग, प्रथम-द्वितीय स्थान वाले विद्यार्थी अगले चरण में लेंगे हिस्सा

94 views

कौशाम्बी: सेवा संकल्प अभियान के तहत उच्च प्राथमिक विद्यालय जमालमऊ में शुक्रवार को चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। ‘विकसित भारत, समृद्ध भारत’ थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। बच्चों ने विकसित और समृद्ध भारत की परिकल्पना को चित्रों में दर्शाते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय के अध्यापक संतोष कुमार सिंह ने बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्वयं भी पेंटिंग बनाई। वह फिल्म ‘तारे जमीन पर’ के शिक्षक राम शंकर निकुंभ की भूमिका से प्रेरित अंदाज में बच्चों के बीच नजर आए। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर चित्र बनाया और उन्हें रंगों के सही संयोजन तथा विषय को चित्र के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षक को अपने बीच चित्र बनाते देखकर विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया।

प्रधानाध्यापक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से बच्चों की रचनात्मक क्षमता को विकसित करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति का कौशल बढ़ता है। प्रतियोगिता में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन अगले चरण की प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय में आयोजित इस गतिविधि में शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा को निखारने के लिए मार्गदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।