Education
🔴 Breaking

छात्राओं संग बैठकर बीएसए ने चखा एमडीएम, किया संवाद

छात्रावास की व्यवस्थाओं और रोज मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता की छात्राओं से ली जानकारी

116 views

कौशाम्बी : जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुशवाहा ने गुरुवार को सिराथू ब्लाक के कसिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक, आवासीय व भोजन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। बीएसए ने छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन के समय बीएसए छात्राओं के बीच पहुंचे। उन्होंने छात्राओं के साथ बैठकर भोजन किया और उसकी गुणवत्ता परखी। भोजन करते समय उन्होंने छात्राओं से प्रतिदिन मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और नियमितता के बारे में जानकारी ली। छात्राओं से यह भी पूछा कि उन्हें भोजन में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं होती है।

इसके बाद बीएसए ने छात्रावास में रहने वाली छात्राओं से उनकी दिनचर्या और वहां उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से शिक्षक, छात्रावास में रहने, भोजन व अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं के बारे में खुलकर बातचीत की। बीएसए ने कहा कि छात्राओं को विद्यालय में सुरक्षित और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। किसी भी समस्या को नजरअंदाज न किया जाए और उसका समय से समाधान कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की हेड वार्डन अनीता नायक सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। बीएसए ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।