कौशाम्बी। तहसील क्षेत्र के अफजलपुर सांतो गांव में शुक्रवार को 'गांव की समस्या, गांव में समाधान' अभियान के तहत आयोजित चौपाल में तहसीलदार संजय कुमार दूबे ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने चकमार्ग, भूमिधरी की पत्थरगढ़ी, आपसी बंटवारे और जल निकासी की समस्याएं उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।
तहसीलदार ने बताया कि चौपाल में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर कई समस्याओं का निस्तारण कराया गया। वहीं गांव में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए नाली और गांव के बाहर तक नाला निर्माण कराने हेतु कड़ा ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी को पत्र भेजा जाएगा। इसके अलावा आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की भी सुनवाई कर उनका निस्तारण किया गया।
उन्होंने ग्रामीणों को न्यायालयों में त्वरित न्याय मिलने की प्रक्रिया की जानकारी दी और मौके पर मौजूद राजस्व कर्मियों को राजस्व संबंधी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। चौपाल में राजस्व निरीक्षक धर्मराज, क्षेत्रीय लेखपाल रामकृष्ण यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
