कौशाम्बी: सिराथू तहसील क्षेत्र के बम्हरौली गांव में बुधवार को दो दिवसीय इनामी दंगल और मेले का शुभारंभ हुआ। पहले दिन विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने अखाड़े में अपने दांव-पेच दिखाकर दर्शकों को रोमांचित किया। कई मुकाबलों में पहलवानों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जबकि कुछ कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। ग्राम प्रशासक नियामत उल्ला की ओर से आयोजित दंगल में पहलवानों के दमखम और मुकाबलों को देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
दंगल में जाबिर आगरा और अरुण शमसाबाद, हाथरस के बीच करीब 20 मिनट तक मुकाबला चला। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए खूब जोर लगाया और अपने दांव-पेच दिखाए, लेकिन कोई भी दूसरे को पराजित नहीं कर सका। अंत में कुश्ती बराबरी पर छूट गई। वहीं मेरठ के अर्पित पहलवान और मुरादाबाद के रिजवान के बीच हुए मुकाबले में रिजवान ने जीत दर्ज की। आगरा के लोकेश पहलवान और फिरोजाबाद के जानी पहलवान के बीच भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को चुनौती दी, लेकिन मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके अलावा मथुरा के मगराम पहलवान और अलीगढ़ के नरेश पहलवान के बीच हुए मुकाबले में मथुरा के पहलवान ने जीत हासिल की।
अखाड़े में पहलवानों के बीच जोरदार भिड़ंत के दौरान दर्शक लगातार उत्साह बढ़ाते रहे। कभी एक पहलवान दूसरे पर भारी पड़ता तो कभी दूसरा अपने दांव से मुकाबले का रुख बदलने की कोशिश करता नजर आया। इस रोमांच ने दंगल देखने पहुंचे लोगों को अंत तक बांधे रखा।
दूसरे दिन तहसील चैंपियन के लिए होगी कुश्ती
गुरुवार को दंगल और मेले का दूसरा दिन होगा। आयोजकों की ओर से इसे और भव्य बनाने की तैयारी की गई है। दूसरे दिन 16 वर्ष तक के बाद पहलवानों के बीच तहसील चैंपियनशिप की कुश्तियां कराई जाएंगी। इसके साथ ही दंगल चैंपियन का खिताब जीतने के लिए भी पहलवान अखाड़े में उतरेंगे। इन मुकाबलों को लेकर कुश्ती प्रेमियों में उत्साह है। दूसरे दिन होने वाली जोरदार भिड़ंत में पहलवानों के कौशल, दमखम और दांव-पेच का रोमांच देखने को मिलेगा।
