Education
🔴 Breaking

बीआरसी मूरतगंज में प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक, निपुण भारत मिशन व ऑपरेशन कायाकल्प पर विशेष जोर

बीईओ ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शत-प्रतिशत नामांकन, डिजिटल उपस्थिति, एमडीएम, टीएलएम आधारित शिक्षण और शासन की योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के दिए निर्देश

48 views

कौशाम्बी : विकास खंड मूरतगंज स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) में बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार की अध्यक्षता में प्रधानाध्यापकों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार, शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ शत-प्रतिशत छात्र नामांकन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया कि प्रेरणा पोर्टल पर विद्यार्थियों की डिजिटल उपस्थिति और मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की प्रविष्टि नियमित रूप से की जाए। साथ ही निपुण तालिका को अद्यतन रखने तथा टीएलएम आधारित शिक्षण गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत निर्धारित सभी 19 पैरामीटर समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा एवं राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा के लिए अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों के आवेदन कराने तथा प्रेरणा डीबीटी से संबंधित सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए कहा।

खंड शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों में पठन-पाठन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों से शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए विद्यालयों में बेहतर शैक्षिक वातावरण विकसित करने और बच्चों के सीखने के स्तर में निरंतर सुधार लाने का आह्वान किया।

बैठक में विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, संकुल शिक्षक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विद्यालयों की प्रगति, शैक्षिक गतिविधियों और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

:::