बीआरसी कौशांबी पहुंचे बीएसए, एफएलएन प्रशिक्षण का किया औचक निरीक्षण; कैच-अप शिक्षण व टीएआरएल पर दिया जोर
कौशाम्बी :जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने मंगलवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) कौशांबी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीआरसी की व्यवस्थाओं, अभिलेखों व प्रशिक्षण संबंधी गतिविधियों का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने बीआरसी में चल रहे एफएलएन (फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी) प्रशिक्षण सत्र का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों की कार्यशैली और प्रतिभागी शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता का मूल्यांकन किया। प्रशिक्षण के दौरान कैच-अप शिक्षण, जीआरआर (Gradual Release of Responsibility), टीएआरएल (Teaching at the Right Level) सहित आधारभूत शिक्षण पद्धतियों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
डॉ. कुशवाहा ने कहा कि निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए शिक्षकों को प्रशिक्षण में सीखी गई गतिविधियों व नवाचारों को विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करना होगा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण व बाल-केंद्रित शिक्षण के माध्यम से ही बच्चों में आधारभूत साक्षरता और संख्यात्मक दक्षता का समुचित विकास सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने प्रशिक्षण को अधिक सहभागी, गतिविधि-आधारित व परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण की गुणवत्ता बनाए रखने और शिक्षकों को व्यवहारिक शिक्षण विधियों से जोड़ने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान बीआरसी के अधिकारी, एआरपी, प्रशिक्षक व प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षक मौजूद रहे। बीएसए ने प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए इसे और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
