Others
🔴 Breaking

भगवानपुर में निकली जनसंचारी रोग जागरूकता रैली, स्वच्छता और टीकाकरण के प्रति किया जागरूक

बच्चों ने लगाए जागरूकता के नारे, ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया से बचाव के बताए उपाय

10 views

कौशाम्बी : जनपद में संचालित जन-संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत बुधवार को विकास खंड नेवादा के प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर में जन-संचारी रोग जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शिक्षक, छात्र-छात्राएं व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बैनर और पोस्टर लेकर गांव की गलियों में भ्रमण करते हुए लोगों को विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

रैली के दौरान बच्चों ने "स्वच्छ रहें, स्वस्थ रहें", "जल जमाव हटाओ, मच्छर भगाओ" और "हाथ धोने की आदत अपनाओ, बीमारियों को दूर भगाओ" जैसे जागरूकता नारे लगाए। शिक्षकों ने ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया, डायरिया, टीबी और कोविड-19 जैसी बीमारियों के लक्षण एवं उनसे बचाव के उपाय बताए। लोगों से अपने घरों और आसपास साफ-सफाई रखने, कहीं भी जल जमाव न होने देने, मच्छरदानी का प्रयोग करने व समय-समय पर टीकाकरण कराने की अपील की गई।

प्रधानाध्यापक सुमन कुशवाहा ने कहा कि स्वच्छता ही बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति में बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क कर उपचार कराएं।

रैली में शिक्षिका शैलजा, रीता दयाल, प्रदीप सिंह, गुलशन बाबू, मीरा दुबे, आंगनवाड़ी अर्चना शुक्ला, अर्चना सरोज व निराशा देवी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।