Education
🔴 Breaking

बच्चों ने लिया धरती को हरा-भरा रखने का संकल्प

पौधों के महत्व और पर्यावरण संतुलन की दी जानकारी, नियमित देखभाल के लिए किया प्रेरित

5 views

कौशाम्बी : सिराथू विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय नादिन का पूरा में शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने के साथ ही पेड़-पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। प्रधानाध्यापक शैलेंद्र सिंह के निर्देशन में सहायक अध्यापक आशीष कुमार सिंह ने छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।

उन्होंने बच्चों को बताया कि पेड़-पौधे वातावरण को स्वच्छ रखने के साथ ही मानव जीवन के लिए आवश्यक आक्सीजन उपलब्ध कराते हैं। पेड़ों की लगातार कटाई से पर्यावरण संतुलन प्रभावित हो रहा है। ऐसे में अधिक से अधिक पौधे लगाना और उनकी नियमित देखभाल करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। बच्चों को पौधों की सुरक्षा, जल संरक्षण और आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस दौरान छात्र-छात्राओं ने धरती को हरा-भरा रखने का संकल्प लिया। बच्चों ने कहा कि वे स्वयं पौधे लगाएंगे और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करेंगे। साथ ही अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने पेड़ लगाएं, पेड़ बचाएं और धरती को हरा-भरा बनाएं का संदेश दिया।

विद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम से बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया गया। विद्यालय परिवार ने बच्चों से पर्यावरण संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।