Education
🔴 Breaking

बच्चों ने कहा- सर जी, कार से घुमा दीजिए... रघुनाथ ने पूरी कर दी मासूम इच्छा

एक दिन के गुरुजी ने सात बच्चों को कराई कार की सवारी, खुशी से खिल उठे चेहरे

328 views

कौशाम्बी: बच्चे महंगे उपहारों की उम्मीद नहीं करते। उनके लिए शिक्षक की एक शाबाशी, टाफी या छोटी सी इच्छा पूरी हो जाना ही बड़ी खुशी होती है। चायल के प्राथमिक विद्यालय मुरादपुर में सोमवार को बच्चों की ऐसी ही मासूम इच्छा ने शिक्षक रघुनाथ द्विवेदी को भावुक कर दिया।

तीज पर्व के अवकाश के चलते महिला शिक्षकों की छुट्टी होने पर प्राथमिक विद्यालय चायल में सहायक अध्यापक पद पर कार्यरत रघुनाथ द्विवेदी की ड्यूटी प्राथमिक विद्यालय मुरादपुर में लगाई गई थी। प्रार्थना सभा के बाद उन्होंने बच्चों के साथ पठन-पाठन कराया। इसके बाद मध्याह्न भोजन और खेलकूद का आयोजन हुआ।

इसी दौरान कक्षा पांच की छात्रा सुरभि और कक्षा एक के छात्र सूर्यांश ने अपने एक दिन के गुरुजी रघुनाथ द्विवेदी से मासूमियत भरी मांग कर दी। बच्चों ने कहा, ''सर जी, कार से घुमा दीजिए।'' बच्चों की इच्छा सुनकर शिक्षक ने तत्काल उसे पूरा करने का निर्णय लिया। कार की क्षमता के अनुसार करीब सात बच्चों को बारी-बारी से कार में बैठाकर घुमाया गया। कार की सवारी करते समय बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

शिक्षक ने बताया कि बच्चों की छोटी सी इच्छा पूरी करने से उनके अंदर काफी उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान बच्चों में नई ऊर्जा का संचार हुआ और वे बेहद प्रसन्न नजर आए।

इसके पहले भी पूर्व में चायल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने भी बच्चों की मांग पर उन्हें हेलीकाप्टर की सवारी कराई थी। वहीं, मुरादपुर में शिक्षक द्वारा बच्चों की कार की सवारी कराने की पहल भी चर्चा का विषय बनी रही।

बच्चों के लिए यह भले ही कुछ देर की कार सवारी थी, लेकिन शिक्षक के लिए उनकी मासूम इच्छा का सम्मान करने और उनके चेहरे पर मुस्कान लाने का अवसर था। शिक्षक द्विवेदी का बच्चों के प्रति यह अपनापन विद्यालय में उनके प्रति बच्चों के लगाव को भी दर्शाता है।