सिराथू के उच्च प्राथमिक विद्यालय कादीपुर में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) और जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी को लेकर विद्यालय परिवार की ओर से विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास, मॉक टेस्ट और पुराने प्रश्नपत्रों के माध्यम से परीक्षा की तैयारी कराई जा रही है।
विद्यालय से अब तक 15 विद्यार्थियों का चयन राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा तथा एक विद्यार्थी का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हो चुका है। इस सफलता को आगे बढ़ाने के लिए विद्यालय के शिक्षक कक्षा आठ के विद्यार्थियों को एनएमएमएस और कक्षा पांच के विद्यार्थियों को जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की विशेष तैयारी करा रहे हैं।
एनएमएमएस परीक्षा के संबंध में विद्यार्थियों और अभिभावकों को जानकारी देते हुए बताया गया कि चयनित विद्यार्थियों को कक्षा नौ से 12 तक प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। परीक्षा के लिए कक्षा सात में सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंक तथा अभिभावकों की वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से कम होना आवश्यक है।
विद्यालय में प्रत्येक शनिवार को कक्षा आठ के विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। विद्यार्थियों को पुराने प्रश्नपत्र, अभ्यास सामग्री और मॉक टेस्ट उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शिक्षक कमजोर विद्यार्थियों पर विशेष ध्यान देकर उनकी कमियों को दूर करा रहे हैं।
वहीं, जवाहर नवोदय विद्यालय, टेवा की प्रवेश परीक्षा को लेकर कक्षा पांच के विद्यार्थियों में भी खासा उत्साह है। बच्चे सुबह विद्यालय पहुंचने के साथ ही छुट्टी के बाद भी रुककर तैयारी कर रहे हैं। मानसिक योग्यता, गणित और हिंदी विषय पर विशेष जोर दिया जा रहा है। विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों को नोट्स, अभ्यास पुस्तिकाएं और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए हैं।
प्रधानाध्यापक सविता देवी के नेतृत्व में विद्यालय के सभी शिक्षक बच्चों की तैयारी में जुटे हैं। अभिभावक भी बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने और घर पर पढ़ाई का बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे हैं।
विद्यालय परिवार का कहना है कि मेहनत, उचित मार्गदर्शन और निरंतर अभ्यास के बल पर सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थी भी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं। विद्यालय परिवार को उम्मीद है कि इस वर्ष कादीपुर के अधिक से अधिक विद्यार्थी एनएमएमएस और जवाहर नवोदय विद्यालय की परीक्षा में सफल होकर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।
