Education
🔴 Breaking

बच्चों की पंगत में बैठे बीईओ, परखी एमडीएम की थाली

कसिया पूर्व प्राथमिक विद्यालय में निरीक्षण के दौरान नीरज कुमार उमराव ने बच्चों संग किया भोजन, रसोईघर की व्यवस्थाएं भी देखीं

89 views

कौशांबी : खंड शिक्षा अधिकारी नीरज कुमार उमराव ने बुधवार को मूरतगंज के कसिया पूर्व प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में बच्चों को दिए जा रहे मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान बीईओ ने रसोईघर पहुंचकर भोजन तैयार करने की प्रक्रिया देखी। उन्होंने रसोईघर में साफ-सफाई और भोजन की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इसके बाद वह बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने लगे। उन्होंने बच्चों के साथ एमडीएम चखकर भोजन की गुणवत्ता परखी और बच्चों से भोजन के स्वाद व गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली।

खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों को निर्देश दिया कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन तैयार करने और परोसने के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन योजना का उद्देश्य बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना है। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।