Education
🔴 Breaking

बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर एसआरजी ने चखा एमडीएम

प्राथमिक विद्यालय उलाचूपुर में निरीक्षण के दौरान शैक्षिक गुणवत्ता, निपुण भारत व भोजन व्यवस्था का लिया जायजा

83 views

कौशाम्बी : विकास खंड सिराथू के प्राथमिक विद्यालय उलाचूपुर में गुरुवार को राज्य संसाधन समूह (एसआरजी) के वरिष्ठ सदस्य डा. ओम प्रकाश सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक व्यवस्था, स्वच्छता, शिक्षण-अधिगम सामग्री और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) की गुणवत्ता का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डा. सिंह बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ जमीन पर बैठकर मध्याह्न भोजन किया।

उन्होंने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से भाषाई व गणितीय दक्षता से संबंधित सवाल पूछे। बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रश्नों के उत्तर दिए। डा. सिंह ने निपुण भारत मिशन के अंतर्गत शिक्षण-अधिगम सामग्री (टीएलएम) के प्रयोग और कक्षाओं में लगाए गए ज्ञानवर्धक चित्रों की सराहना की। विद्यालय में पेयजल, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

मध्याह्न भोजन के समय उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व निर्धारित मेन्यू के अनुपालन को परखा। भोजन पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण मिलने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

इस दौरान शिक्षिका पूजा, शिक्षक कपिल, शिक्षा मित्रों तथा विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष व सदस्यों के साथ उन्होंने निपुण भारत मिशन के लक्ष्यों, टीएलएम के प्रभावी प्रयोग और छात्र नामांकन बढ़ाने को लेकर चर्चा की। डा. सिंह ने कहा कि बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने से उनमें अपनापन और सामाजिक समरसता की भावना मजबूत होती है। विद्यालय परिवार के प्रयासों की उन्होंने सराहना की। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक व ग्रामीण भी मौजूद रहे।