Education
🔴 Breaking

बच्चों के अधिगम में वृद्धि के लिए टीम भावना से करें कार्य

नियमित उपस्थिति और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार पर जोर

17 views
बच्चों के अधिगम में वृद्धि के लिए टीम भावना से करें कार्य
1 / 2
Image 1 of 2(Primary Cover)

कौशाम्बी : बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। इसी उद्देश्य से विकासखंड नेवादा के कंपोजिट विद्यालय पेरई में विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) की बैठक आयोजित की गई। इसमें बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, पठन-पाठन की गुणवत्ता सुधारने और अभिभावकों की जिम्मेदारी तय करने पर चर्चा की गई।

बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश सिंह ने एसएमसी सदस्यों और उपस्थित अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि सभी लोग अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें। जिन बच्चों के खातों में शासन की ओर से धनराशि भेजी गई है, उनके अभिभावक ड्रेस, स्कूल बैग, जूता-मोजा और अन्य आवश्यक सामग्री अवश्य उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि अभिभावक विद्यालय में हो रहे पठन-पाठन और अन्य शैक्षिक गतिविधियों का भी नियमित अवलोकन करें, जिससे बच्चों की शिक्षा में अपेक्षित सुधार हो सके।

बैठक का संचालन राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह ने किया। उन्होंने पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उपस्थित सदस्यों और अभिभावकों को बच्चों की शैक्षिक प्रगति के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सभी से टीम भावना के साथ कार्य करने और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने में सहयोग देने की अपील की।

शिक्षिका प्रतिमा कुमारी ने अनियमित रूप से विद्यालय आने वाले बच्चों को चिह्नित कर उन्हें नियमित स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। वहीं, विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और उन्हें घर पर भी नियमित अध्ययन के लिए प्रेरित करें। बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि विद्यालय और अभिभावक मिलकर प्रयास करें, ताकि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। अंत में उपस्थित लोगों को जलपान कराया गया और बैठक का समापन हुआ।

बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी बृजेश सिंह, प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी, राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक हरिओम सिंह, शिक्षिका प्रतिमा कुमारी, एसएमसी सदस्य और अभिभावक उपस्थित रहे।