Education
🔴 Breaking

बैंकिंग की बारीकियां सीखकर छात्राओं ने समझा आर्थिक आत्मनिर्भरता का महत्व

मिशन शक्ति के तहत कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सिराथू की छात्राओं को दी गई वित्तीय साक्षरता की जानकारी

66 views

कौशाम्बी : मिशन शक्ति अभियान के तहत गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सिराथू की छात्राओं को कैरियर काउंसलिंग कराने के साथ बैंक का भ्रमण कराया गया। इस दौरान छात्राओं को बैंकिंग प्रणाली, बचत, ऋण, बीमा और डिजिटल लेनदेन की जानकारी दी गई। साथ ही वित्तीय जोखिमों के प्रति सचेत करते हुए सुरक्षित बैंकिंग के तौर-तरीके बताए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आर्थिक रूप से जागरूक बनाने के साथ भविष्य में आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

विद्यालय की वार्डन अनीता नायक के नेतृत्व में छात्राओं ने बैंक शाखा का भ्रमण किया। इस दौरान शाखा प्रबंधक ने छात्राओं को बैंक खाते में धनराशि जमा करने और निकालने की प्रक्रिया समझाई। इसके साथ ही ऋण प्राप्त करने, विभिन्न बीमा योजनाओं का लाभ लेने और एटीएम के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। छात्राओं को डिजिटल लेनदेन करते समय सतर्कता बरतने और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने के प्रति भी जागरूक किया गया।

कैरियर काउंसलिंग के दौरान छात्राओं को विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। उन्हें अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने, पढ़ाई पर ध्यान देने और निरंतर प्रयास के माध्यम से सफलता हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल से छात्राओं को बैंकिंग व्यवस्था को करीब से समझने और भविष्य की संभावनाओं के प्रति जागरूक होने का अवसर मिला।

इस दौरान वार्डन अनीता नायक, कैरियर काउंसलिंग अधिकारी किरन कुमार, अमृता कुशवाहा, निशा त्रिपाठी और प्रदीप शुक्ल मौजूद रहे।