Education
🔴 Breaking

बारिश में स्कूलों की सुरक्षा पर बीएसए सख्त, दो दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान के निर्देश

जलभराव, मच्छरों की रोकथाम और भवनों की सुरक्षा पर विशेष जोर, लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

48 views

कौशाम्बी: वर्षा ऋतु के दौरान परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा तथा स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में दो दिवसीय विशेष स्वच्छता एवं सुरक्षा अभियान युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

बीएसए ने कहा है कि विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालयों, पेयजल स्रोतों और रसोईघर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। परिसर में जलभराव न होने दिया जाए तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए। भवनों की छतों पर जमा सूखे पत्तों और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाकर छतों की सफाई कराई जाए, ताकि वर्षा का पानी एकत्र न हो सके।

उन्होंने स्थानीय स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से मच्छरों की रोकथाम के लिए एंटी-लार्वा छिड़काव, फॉगिंग एवं अन्य आवश्यक उपाय कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पेयजल टंकियों की सफाई व कीटाणुशोधन, विद्यालय परिसर में उगी झाड़-झंखाड़ और घास-फूस की सफाई तथा भवनों, दीवारों, छतों और विद्युत तारों का सूक्ष्म निरीक्षण कर संभावित खतरों को तत्काल दूर करने को कहा है।

डॉ. कुशवाहा ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को हाथ धोने की आदत, सुरक्षित पेयजल के उपयोग तथा वर्षा ऋतु में फैलने वाले संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर भी विशेष बल दिया है। किसी भी प्रकार की असुरक्षित स्थिति या आपात परिस्थिति की सूचना तत्काल बीएसए कार्यालय एवं संबंधित उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने अभियान के अंतर्गत कराए गए साफ-सफाई कार्यों के फोटोग्राफ एवं वीडियो सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। प्रत्येक विद्यालय से दो फोटो और एक वीडियो निर्माण इकाई की ई-मेल पर भेजने के साथ उसकी सूचना बीएसए कार्यालय को भी उपलब्ध करानी होगी। बीएसए ने बताया कि अगस्त के प्रथम सप्ताह में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अभियान की समीक्षा की जाएगी।

बीएसए ने स्पष्ट किया है कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी और प्रधानाध्यापक निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।