कौशाम्बी। राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार-2026 के लिए उत्तर प्रदेश की राज्य स्तरीय चयन समिति ने बेसिक शिक्षा विभाग से तीन शिक्षकों के नाम स्वतंत्र राष्ट्रीय ज्यूरी के लिए संस्तुत किए हैं। इनमें दो शिक्षिकाएं कौशांबी की हैं। पीएमश्री प्राथमिक विद्यालय अमिरसा की प्रधानाध्यापिका अनुराधा पांडेय और कंपोजिट विद्यालय रसूलाबाद की सहायक अध्यापिका शालिनी कुशवाहा का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया के लिए किया गया है। दोनों शिक्षिकाएं 12 अगस्त को स्वतंत्र राष्ट्रीय ज्यूरी के समक्ष आनलाइन साक्षात्कार एवं प्रस्तुतीकरण देंगी।
शिक्षा निदेशक (बेसिक) उत्तर प्रदेश की ओर से जारी पत्र के अनुसार राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार के लिए माध्यमिक व बेसिक शिक्षा विभाग से प्राप्त आवेदन पत्रों का जिला स्तर पर मूल्यांकन कर राज्य चयन समिति को भेजा गया था। चार अगस्त को हुई राज्य स्तरीय चयन समिति की बैठक में शिक्षकों के आनलाइन अभिलेखों के मूल्यांकन, प्रस्तुतीकरण व साक्षात्कार के बाद उत्कृष्ट छह शिक्षकों का चयन किया गया। इनमें बेसिक शिक्षा विभाग से तीन शिक्षकों को राष्ट्रीय स्वतंत्र ज्यूरी, भारत सरकार के समक्ष भेजने की संस्तुति की गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग से राष्ट्रीय स्तर पर अनुमोदित तीन शिक्षकों में कौशांबी की प्रधानाध्यापिका अनुराधा पांडेय और सहायक अध्यापिका शालिनी कुशवाहा के अलावा जौनपुर की सहायक अध्यापिका प्रीति श्रीवास्तव, कंपोजिट विद्यालय रन्नो का नाम शामिल है। इस प्रकार प्रदेश से बेसिक शिक्षा विभाग के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रक्रिया में भेजे गए तीन शिक्षकों में दो कौशांबी की शिक्षिकाएं हैं।
10 मिनट का देना होगा प्रस्तुतीकरण
स्वतंत्र राष्ट्रीय ज्यूरी के समक्ष दोनों शिक्षिकाओं को 10 मिनट का प्रस्तुतीकरण देना होगा। इसमें अपनी विशेष योग्यताओं, नवाचारों, कार्यों, उपलब्धियों और शिक्षण क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों की जानकारी देनी होगी। प्रस्तुतीकरण में शिक्षण-अधिगम सामग्री, शोध पत्र, प्रकाशन, ऑडियो-वीडियो सहित अन्य अभिलेखों का भी सहयोग लिया जा सकता है।
इसके अलावा शिक्षिकाओं को ज्यूरी के नाम अधिकतम 1500 शब्दों का आवेदन पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इसमें पुरस्कार के निर्धारित मानकों को पूरा करने संबंधी कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख करना होगा। आवेदन में ऐसे अधिकतम पांच विद्यार्थियों का भी विवरण दिया जा सकता है, जिनके जीवन और शैक्षिक प्रगति पर शिक्षक के प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव पड़ा हो।
लखनऊ में होगी आनलाइन प्रक्रिया
उत्तर प्रदेश के चयनित शिक्षकों का आनलाइन साक्षात्कार 12 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच निर्धारित है। कौशांबी की दोनों शिक्षिकाओं को सुबह नौ बजे शिक्षा निदेशालय, 18 पार्क रोड, लखनऊ स्थित कार्यालय समग्र शिक्षा में पीपीटी के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली इस प्रक्रिया के बाद पुरस्कार के लिए अंतिम चयन स्वतंत्र राष्ट्रीय ज्यूरी की ओर से किया जाएगा।
कौशांबी की दोनों शिक्षिकाओं के राष्ट्रीय अध्यापक पुरस्कार की दौड़ में शामिल होने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुशवाहा सहित विभागीय अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। प्रदेश से बेसिक शिक्षा विभाग के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अनुमोदित तीन शिक्षकों में दो शिक्षिकाओं का कौशांबी से होना जिले के लिए गौरव की बात है।
