कौशाम्बी: जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने शुक्रवार को कड़ा ब्लाक के कंपोजिट विद्यालय सौंरई बुजुर्ग का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा-कक्षों में लगी निपुण तालिकाओं का अवलोकन किया और बच्चों से सवाल पूछकर उनकी शैक्षिक गुणवत्ता परखी। इसके बाद विद्यालय में आयोजित विद्यालय प्रबंध समिति और अभिभावक-शिक्षक बैठक में शामिल होकर सैकड़ों अभिभावकों से संवाद किया। उन्होंने अभिभावकों को बच्चों की शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर नजर रखने की अपील की।
बीएसए ने कहा कि बच्चों की शिक्षा को बेहतर बनाने में शिक्षकों के साथ अभिभावकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। अभिभावक नियमित रूप से बच्चों की कापियां और कार्यपुस्तिकाएं देखें। इससे पता चलेगा कि बच्चे विद्यालय में क्या सीख रहे हैं और शिक्षक उनकी कापियों की नियमित जांच कर रहे हैं या नहीं। यदि कोई शिक्षक नियमित रूप से कापियों और कार्यपुस्तिकाओं की जांच नहीं करता है तो इसकी जानकारी विद्यालय पहुंचकर संबंधित अधिकारियों को दें।
उन्होंने कहा कि शासन की ओर से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से बच्चों के खातों में भेजी गई धनराशि का उपयोग ड्रेस, जूते-मोजे और स्टेशनरी खरीदने में करें। अभिभावक यह सुनिश्चित करें कि उनके बच्चे प्रतिदिन विद्यालय आएं और नियमित रूप से पढ़ाई करें। परिषदीय विद्यालयों में योग्य शिक्षक तैनात हैं और उन्हें अच्छा वेतन मिलता है। ऐसे में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। अभिभावकों को भी अपने बच्चों की पढ़ाई की जानकारी लेने और शिक्षकों से संवाद करने का पूरा अधिकार है।
बीएसए ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे पूरी जिम्मेदारी और मनोयोग से बच्चों को पढ़ाएं। बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए नियमित अभ्यास कराएं और उनकी कापियों और कार्यपुस्तिकाओं की समय से जांच करें। उन्होंने कहा कि शिक्षक और अभिभावक आपसी समन्वय से बच्चों की पढ़ाई को बेहतर बना सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान बीएसए ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन योजना के अंतर्गत बनी तहरी खाई और भोजन की गुणवत्ता भी परखी। उन्होंने शिक्षकों से विद्यालय में बेहतर शैक्षिक वातावरण बनाए रखने और प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
विद्यालय में पंजीकृत 434 बच्चों के सापेक्ष 358 बच्चे उपस्थित मिले। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव और सैकड़ों अभिभावक बैठक में शामिल हुए। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की प्रधानाध्यापक रूपा साहू, सहायक अध्यापक अजय साहू, रामप्रसाद, राठौर शशि देवी, राजेश शर्मा, शिवम केसरवानी, राजकुमार, सुनीता, पूजा और योगेंद्र सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा ने प्राथमिक विद्यालय सौंरई बुजुर्ग द्वितीय का किया निरीक्षण
कंपोजिट विद्यालय सौंरई बुजुर्ग के निरीक्षण के बाद खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव गांव में स्थित प्राथमिक विद्यालय सौंरई बुजुर्ग द्वितीय पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यालय का निरीक्षण किया और बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बच्चों से सवाल पूछकर उनके शैक्षिक स्तर का आकलन किया और शिक्षकों को नियमित रूप से शिक्षण कार्य करते हुए बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने पर जोर दिया।

