Education
🔴 Breaking

अब स्कूल से गैरहाजिर बच्चों के घर बजेगी शिक्षा विभाग की फोन काल

कड़ा ब्लाक में कंट्रोल रूम स्थापित, अनुपस्थित छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से होगा सीधा संवाद, विद्यालयवार उपस्थिति और फोन पर हुई बातचीत का भी बनेगा रिकार्ड

82 views

कौशाम्बी : स्कूल से लगातार गायब रहने वाले बच्चों की अब शिक्षा विभाग सीधे घर तक पहुंच बनाएगा। विद्यालय में बच्चे की अनुपस्थिति होते ही उसके अभिभावकों तक शिक्षा विभाग की फोन काल पहुंच सकती है। उनसे पूछा जाएगा कि बच्चा स्कूल क्यों नहीं आ रहा है और उसे नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की घटती उपस्थिति और लगातार गैरहाजिरी की समस्या से निपटने के लिए कड़ा ब्लाक में शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत ब्लाक संसाधन केंद्र में बाकायदा कंट्रोल रूम स्थापित कर दिया गया है। यहां से विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति पर नजर रखने के साथ अनुपस्थित छात्र-छात्राओं के अभिभावकों से सीधे संपर्क किया जाएगा।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव ने कंट्रोल रूम के संचालन की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए बुधवार को कार्यालय के कार्मिकों के लिए आदेश जारी किया है। इसके तहत ब्लाक संसाधन केंद्र के तीन कार्यालय सहायकों वीरेंद्र सिंह, शकील अहमद और संदीप विश्वकर्मा को नामित किया गया है। ये कार्मिक विद्यालयों से प्राप्त उपस्थिति संबंधी सूचनाओं के आधार पर अनुपस्थित बच्चों के अभिभावकों को फोन करेंगे। बातचीत के दौरान बच्चे के स्कूल न आने का कारण जानने के साथ उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए जागरूक किया जाएगा।

अब सिर्फ हाजिरी नहीं, गैरहाजिरी का भी देना होगा हिसाब

इस व्यवस्था की खास बात यह है कि अब विद्यालयों में केवल बच्चों की उपस्थिति दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि लगातार अनुपस्थित रहने वाले बच्चों की जानकारी भी विभाग तक पहुंचेगी। कंट्रोल रूम में विद्यालयवार छात्र उपस्थिति का ब्योरा रखा जाएगा। किस विद्यालय में कितने बच्चे अनुपस्थित हैं, उनके अभिभावकों से कब संपर्क किया गया और बातचीत के दौरान क्या जानकारी मिली, इसका पूरा विवरण निर्धारित पंजिका में दर्ज किया जाएगा। कंट्रोल रूम से प्राप्त सूचनाओं की नियमित जानकारी खंड शिक्षा अधिकारी को भी उपलब्ध कराई जाएगी।

अभिभावकों की जिम्मेदारी भी होगी तय

शिक्षा विभाग की इस पहल के जरिए अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई के प्रति उनकी जिम्मेदारी का एहसास कराया जाएगा। कई बार बच्चे बिना किसी स्पष्ट कारण के लगातार विद्यालय से अनुपस्थित रहते हैं, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है और सीखने की प्रक्रिया में पिछड़ने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में अभिभावकों से सीधा संवाद स्थापित कर अनुपस्थिति के कारणों को समझने और समस्या का समाधान तलाशने का प्रयास किया जाएगा। विभाग की मंशा केवल अनुपस्थिति का आंकड़ा जुटाना नहीं, बल्कि स्कूल से दूरी बना रहे बच्चों को दोबारा नियमित शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना है।

खंड शिक्षा अधिकारी ने नामित कार्मिकों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कंट्रोल रूम का संचालन करने के निर्देश दिए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अब कड़ा ब्लाक में बच्चों की गैरहाजिरी पर विभागीय निगरानी के साथ अभिभावकों तक भी जवाबदेही पहुंचेगी।

क्या कहते है अधिकारी

"बच्चों की नियमित उपस्थिति उनकी शैक्षिक प्रगति के लिए बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से ब्लाक संसाधन केंद्र में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से विद्यालयों में अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों से सीधे फोन पर संपर्क कर उन्हें नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विद्यालयवार उपस्थिति और अभिभावकों से हुई बातचीत का विवरण भी पंजिका में दर्ज होगा। सभी नामित कार्मिकों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।"

— नीरज कुमार उमराव, खंड शिक्षा अधिकारी, कड़ा