Accident
🔴 Breaking

आवारा सांड के हमले में युवक की मौत, ससुराल आए रामकुमार की गई जान

शौच से लौटते समय सांड ने किया हमला, अस्पताल में डाक्टरों ने मृत घोषित किया;ग्रामीणों ने आवारा पशुओं के नियंत्रण और आर्थिक सहायता की उठाई मांग

10 views

कौशाम्बी। सैनी कोतवाली क्षेत्र के गरई गांव में आवारा सांड के हमले में एक युवक की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों ने आवारा पशुओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग करते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई है।

जानकारी के अनुसार, रामकुमार (निवासी जरौही, जनपद बांदा) अपनी ससुराल गरई गांव में राममिलन पुत्र स्व. सुखराम के घर आए हुए थे। बुधवार शाम वह शौच के लिए गांव के बाहर गए थे। लौटते समय रास्ते में एक आवारा सांड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमले में उनकी गर्दन पर गंभीर चोट लगी और वह सड़क किनारे गिर पड़े।

काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह रास्ते में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना से गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है और कई बार हादसे हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए प्रभावी अभियान चलाने तथा मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।