Education
🔴 Breaking

आत्मरक्षा के गुर सीख रहीं बेटियां, अब खुद बनेंगी अपनी सुरक्षा की ढाल

470 विद्यालयों में अभियान, 148 में प्रशिक्षण जारी; 40 प्रशिक्षक सिखा रहे आत्मरक्षा के तरीके

40 views

कौशांबी : मुश्किल परिस्थितियों में घबराने के बजाय साहस और सूझबूझ से उनका सामना करना। अपनी सुरक्षा के लिए खुद सक्षम बनना और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना। इसी उद्देश्य से जिले में बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए जा रहे हैं। रानी लक्ष्मीबाई वीरांगना आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जनपद के 470 उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में छात्राओं को प्रशिक्षित करने की योजना है। फिलहाल 148 विद्यालयों में प्रशिक्षण चल रहा है। 10 अगस्त से शुरू हुए अभियान में 40 प्रशिक्षक बालिकाओं को आत्मरक्षा की व्यावहारिक तकनीकों का अभ्यास करा रहे हैं।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा के निर्देशन और जिला समन्वयक बालिका शिक्षा योगेश तिवारी के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को शारीरिक रूप से सक्षम बनाने के साथ उनमें साहस, सतर्कता और आत्मविश्वास विकसित करना है। इसके लिए प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षा अनुदेशकों और शिक्षकों को लगाया गया है, जो विद्यालयों में पहुंचकर बालिकाओं को आत्मरक्षा के तरीके सिखा रहे हैं।

विभागीय योजना के अनुसार, प्रत्येक विद्यालय में दो माह के दौरान 48 कार्य दिवसों में प्रशिक्षण पूरा कराया जाएगा। इस दौरान छात्राओं को संभावित खतरे पहचानने, विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने और संकट के समय सूझबूझ से निर्णय लेने के तरीके बताए जा रहे हैं। वर्तमान चरण का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अगले चरण में अन्य विद्यालयों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें।

प्रशिक्षण की खास बात यह है कि इसका लाभ केवल निर्धारित अवधि तक सीमित नहीं रहेगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद विद्यालयों में सेल्फ डिफेंस क्लब गठित किए जाएंगे। इनमें प्रशिक्षण प्राप्त तीन से चार छात्राओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी दी जाएगी। ये छात्राएं विद्यालय की अन्य बालिकाओं को आत्मरक्षा की तकनीकों का नियमित अभ्यास कराएंगी। इसके लिए वीरांगना पोर्टल पर उपलब्ध वीडियो की मदद भी ली जाएगी। प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।

प्रशिक्षण की गुणवत्ता और नियमितता सुनिश्चित करने के लिए वीरांगना पोर्टल और एप का उपयोग किया जा रहा है। प्रशिक्षकों को प्रतिदिन अपनी और छात्राओं की उपस्थिति दर्ज करने के साथ प्रशिक्षण से संबंधित फोटो और वीडियो भी अपलोड करने होंगे। छात्राओं की उपस्थिति का दिवसवार ब्योरा रखा जाएगा। प्रधानाध्यापक के सत्यापन के बाद अभिलेख खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजे जाएंगे।

अभ्यास के दौरान छात्राओं की शारीरिक स्थिति और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षण खुले, स्वच्छ और सुरक्षित स्थान पर कराया जाएगा। बालिकाओं को यह भी समझाया जाएगा कि आत्मरक्षा की तकनीकों का उपयोग आवश्यकता पड़ने पर ही करें। प्रशिक्षण के बाद विद्यालयों में होने वाली बैठकों और शिक्षा चौपालों में छात्राएं सीखे गए कौशल का प्रदर्शन भी करेंगी।

जनपद के 470 उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण देने की योजना है। वर्तमान में 148 विद्यालयों में 40 प्रशिक्षकों के माध्यम से प्रशिक्षण चल रहा है। इसमें प्रशिक्षित शारीरिक शिक्षा अनुदेशकों और शिक्षकों को लगाया गया है। प्रत्येक विद्यालय में 48 कार्य दिवसों में प्रशिक्षण पूरा कराया जाएगा। इसके बाद अगले चरण में अन्य विद्यालयों को शामिल किया जाएगा।

योगेश तिवारी

जिला समन्वयक बालिका शिक्षा

रानी लक्ष्मीबाई वीरांगना आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ उनमें साहस और आत्मविश्वास बढ़ाना है। प्रशिक्षण के माध्यम से बालिकाओं को विपरीत परिस्थितियों में अपनी सुरक्षा करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए जा रहे हैं। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद विद्यालयों में सेल्फ डिफेंस क्लब गठित कर नियमित अभ्यास कराया जाएगा, जिससे छात्राएं सीखे गए कौशल का जरूरत पड़ने पर उपयोग कर सकें।

डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कौशांबी