Education
🔴 Breaking

आज की उपस्थिति, कल की प्रगति से संवरेगा बच्चों का भविष्य

नियमित विद्यालय आने से बेहतर होगी शैक्षिक गुणवत्ता, अभिभावक-शिक्षक बैठक में हुई चर्चा

189 views

कौशाम्बी : बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के उद्देश्य से बुधवार को विकासखंड कड़ा के प्राथमिक विद्यालयों में अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक में आज की उपस्थिति, कल की प्रगति थीम के अंतर्गत अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, शैक्षिक प्रगति और बेहतर भविष्य के लिए उनकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। शिक्षकों ने अभिभावकों से संवाद स्थापित कर बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखने पर जोर दिया।

प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी में शिक्षिका रिया सेठी ने अभिभावकों से संवाद करते हुए नियमित उपस्थिति के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि बच्चे यदि प्रतिदिन समय से विद्यालय आएंगे तो शिक्षकों को उनकी शैक्षिक दक्षताओं में सुधार करने और निर्धारित निपुण लक्ष्यों को हासिल कराने में आसानी होगी। नियमित उपस्थिति से बच्चों को प्रतिदिन कुछ नया सीखने का अवसर मिलता है और पहले पढ़ाए गए पाठों का अभ्यास भी बेहतर ढंग से हो पाता है। वहीं, अनुपस्थित रहने पर बच्चे कक्षा में पढ़ाई गई महत्वपूर्ण बातों को समझने और अगले पाठ से जुड़ने में पीछे रह जाते हैं। बैठक में शिक्षामित्र बीरेंद्र कुमार और संध्या देवी पटेल भी उपस्थित रहे।

बैठक में पूर्व माह की पीटीएम की समीक्षा के साथ निपुण लक्ष्यों, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, समग्र प्रगति कार्ड (एचपीसी), डीबीटी के माध्यम से मिली धनराशि के सदुपयोग और बच्चों में पठन संस्कृति विकसित करने पर चर्चा की गई। इसके अलावा अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी, कैच-अप गतिविधियों, विद्यालय की साफ-सफाई, विद्यांजलि स्कूल रजिस्ट्रेशन-2026, विशेष अभियान 6.0 और इको क्लब की गतिविधियों के बारे में भी अभिभावकों को जानकारी दी गई। माता उन्मुखीकरण कार्यक्रम में सहभागिता और विद्यालय प्रबंध समिति की भूमिका पर भी जोर दिया गया।

शिक्षकों ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के साथ घर पर उनकी पढ़ाई के लिए भी समय निकालें। शिक्षक और अभिभावक के बीच बेहतर समन्वय से ही बच्चों की सीखने की क्षमता में वृद्धि होगी और उनकी शैक्षिक नींव मजबूत बन सकेगी।

क्या कहते है अधिकारी

बच्चों की नियमित उपस्थिति शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार का महत्वपूर्ण आधार है। शिक्षक और अभिभावक मिलकर यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा अनावश्यक रूप से विद्यालय से अनुपस्थित न रहे। विद्यालय में नियमित अध्ययन और घर पर अभिभावकों के सहयोग से बच्चों को निर्धारित शैक्षिक लक्ष्य हासिल कराने में मदद मिलेगी।

नीरज कुमार उमराव

खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा