कौशाम्बी: परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए जिले में शुक्रवार को विशेष विद्यालय स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से सभी विकासखंडों के विद्यालयों में अभियान को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को अभियान का प्रभावी ढंग से संचालन कराने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान विद्यालय परिसर की साफ-सफाई के साथ पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, कक्षा-कक्ष, किचेन शेड और विद्यालय परिसर की स्थिति की विशेष जांच की जाएगी। बारिश के मौसम को देखते हुए जलभराव, झाड़ियों और कूड़ा-कचरा हटाकर बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया जाएगा।
पेयजल स्रोतों की होगी जांच
विद्यालयों में लगे हैंडपंप, नल, आरओ और फिल्टर की क्रियाशीलता जांची जाएगी। पेयजल टंकियों और जल भंडारण पात्रों की सफाई कराने के साथ उनके आसपास जमा गंदगी और पानी को हटाया जाएगा। खराब नल, पाइप, टोंटी और हैंडपंप की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।
शौचालयों में पानी और साबुन की व्यवस्था
सभी शौचालयों, सीडब्ल्यूएसएन शौचालय समेत, की सफाई कराई जाएगी। शौचालयों में पानी, नल, फ्लश, जल निकासी, दरवाजे और कुंडी की स्थिति भी देखी जाएगी। विद्यार्थियों के हाथ धोने के लिए हैंडवॉश या साबुन की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जर्जर भवनों में प्रवेश रहेगा प्रतिबंधित
विद्यालयों के जर्जर भवनों को लेकर विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। ऐसे भवनों की दीवारों पर लाल पेंट से ‘प्रवेश निषेध’ लिखवाया जाएगा। विद्यार्थियों को जर्जर भवनों और उनके आसपास जाने की अनुमति नहीं होगी। शिक्षण कार्य केवल सुरक्षित कक्षा-कक्षों में कराया जाएगा।
यदि विद्यालय में सुरक्षित कक्ष उपलब्ध नहीं हैं तो निकटतम परिषदीय विद्यालय, पंचायत भवन अथवा अन्य शासकीय भवन में वैकल्पिक व्यवस्था कर विद्यालय का संचालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली के तार और उपकरण होंगे दुरुस्त
विद्यालयों में अव्यवस्थित विद्युत तारों को व्यवस्थित कराया जाएगा। बल्ब, ट्यूबलाइट, पंखे समेत अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कर उन्हें क्रियाशील कराया जाएगा। विद्युत व्यवस्था में किसी तरह की कमी मिलने पर तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बच्चों को दुर्घटनाओं से बचाया जा सके।
फोटो-वीडियो से होगी निगरानी
विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष, छत, किचेन शेड आदि की सफाई के साथ झाड़ियों, जलभराव और कूड़ा-कचरा हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कराए गए कार्यों के दो-दो फोटो और एक-एक वीडियो तैयार कर सुरक्षित रखने तथा निर्धारित ई-मेल पर साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान की 17 अगस्त को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा भी की जाएगी।
बोले बीएसए
“शुक्रवार को जिले के सभी परिषदीय विद्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। बच्चों की सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जर्जर भवनों में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था और साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर तत्काल सुधार कराया जाएगा। सभी खंड शिक्षा अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा गया है।”
डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कौशांबी
