Education
🔴 Breaking

162 दिव्यांग बच्चों के लिए उपकरण मापन शिविर आयोजित

समेकित शिक्षा के अंतर्गत बीआरसी सिराथू में आयोजित हुआ शिविर, बच्चों को ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर, ब्रेल किट, श्रवण यंत्र समेत विभिन्न सहायक उपकरण किए गए वितरित

27 views

कौशाम्बी :समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत समेकित शिक्षा के तत्वाधान में सोमवार को बीआरसी सिराथू में दिव्यांग बच्चों के शैक्षिक सहयोग के लिए उपकरण व उपस्कर मापन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में परिषदीय विद्यालयों व पीएमश्री विद्यालयों में अध्ययनरत 162 दिव्यांग बच्चों ने प्रतिभाग किया।

शिविर का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेन्द्र कुमार कुशवाहा के निर्देशन व खंड शिक्षा अधिकारी सिराथू डॉ. प्रज्ञा सिंह और जिला समन्वयक समेकित शिक्षा अवधेश कुमार पाण्डेय की अगुवाई में किया गया। विशेषज्ञों ने बच्चों की दिव्यांगता के अनुसार आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए मापन किया और उपकरणों का वितरण भी किया।

अस्थि दिव्यांग बच्चों को ट्राई साइकिल, रोलेटर, एल्बो क्रच व बैसाखी, दृष्टिबाधित बच्चों को ब्रेल किट व स्मार्ट केन, मानसिक मंदित बच्चों को एमआर किट और सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित बच्चों को व्हीलचेयर व सीपी चेयर उपलब्ध कराई गई। श्रवण बाधित बच्चों को श्रवण यंत्र भी वितरित किए गए।

शिविर में एलिम्को कानपुर के विशेषज्ञ आदर्श द्विवेदी (पी एंड ओ), संजीव कुमार (ऑडियोलॉजिस्ट), डाटा मैन प्रिंस सिंह, पी एंड ओ टेक्नीशियन प्राची कुशवाहा व स्पेशल एजुकेटर पुष्पेंद्र सिंह, दीपेंद्र कुमार श्रीवास्तव, छेदीलाल, बृजेश चौधरी, शारदा कुमार सिंह, राम बहादुर कुशवाहा, वशिष्ठ नारायण शुक्ला, श्रद्धा सिंह, मीनू शुक्ला, पुष्पेंद्र कुमार द्विवेदी, नीता मिश्रा और वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट पंकज साहू सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर के माध्यम से दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप शैक्षिक व दैनिक जीवन में सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की पहल की गई।