Crime
🔴 Breaking

15 दिन पुरानी रंजिश में कनैली चौराहे पर ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन घायल

हिस्ट्रीशीटर पर पान दुकानदार को निशाना बनाने का आरोप, पैर में गोली लगने से युवक घायल

55 views

कौशाम्बी: सरायअकिल थाना क्षेत्र के कनैली चौराहे पर रविवार देर रात हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। गांव के ही एक हिस्ट्रीशीटर पर 15 दिन पुरानी रंजिश में पान दुकानदार को निशाना बनाकर फायरिंग करने का आरोप है। घटना में एक युवक के पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य छर्रे लगने से घायल हो गए। तीनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपित की तलाश में कई संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है।

कनैली निवासी गोलू सिंह पुत्र धर्मराज सिंह की चौराहे पर पान की गुमटी है। रविवार रात करीब 10 बजे वह अपनी दुकान पर पड़ोसी सूरज सिंह पुत्र कल्लू सिंह तथा मध्य प्रदेश के चौखड़ा निवासी अनुराग सिंह पुत्र तुलसी सिंह के साथ बैठा था। इसी दौरान गांव का ही एक हिस्ट्रीशीटर, जो कथित रूप से शराब के नशे में था, वहां पहुंचा और तमंचे से दो से तीन राउंड फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि आरोपित का निशाना गोलू सिंह था, लेकिन फायरिंग में सूरज सिंह के पैर में गोली लग गई, जबकि गोलू और अनुराग छर्रे लगने से घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदार दुकानें बंद कर भाग निकले और स्थानीय लोग घरों में दुबक गए।

सूचना मिलते ही सरायअकिल पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से तीनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी की हालत स्थिर बताई है। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी चायल शिवांक सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले गांव में सार्वजनिक पूजा के दौरान गोलू सिंह और आरोपित के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का मानना है कि उसी रंजिश में वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

एसपी बोले

पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि कनैली चौराहे पर फायरिंग की सूचना मिलने के बाद तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एक व्यक्ति के पैर में गोली लगी है, जबकि दो अन्य को छर्रे लगने से सामान्य चोटें आई हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।