Others
🔴 Breaking

101 बटुक ब्रह्मचारियों का हुआ सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार

ओसा स्थित श्री दुर्गादेवी संस्कृत विद्यालय में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ आयोजन, देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने लिया हिस्सा

6 views

कौशाम्बी: मुख्यालय के ओसा स्थित श्री दुर्गादेवी संस्कृत विद्यालय में रविवार को 101 बटुक ब्रह्मचारियों का सामूहिक यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं और अभिभावकों ने भाग लिया।

रविन्द्र नाथ शुक्ल के संयोजन में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रयागराज के वरिष्ठ ज्योतिषविद एवं भागवताचार्य डॉ. एन.एन. मिश्र रहे। उन्होंने कहा कि यज्ञोपवीत संस्कार भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण अंग है, जो बच्चों को ज्ञान, अनुशासन और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम बनता है। उन्होंने कहा कि वैदिक परंपराओं का संरक्षण वर्तमान समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर डॉ. शम्भूनाथ त्रिपाठी ने भी अपने संबोधन में वैदिक संस्कारों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति की जड़ें संस्कारों में निहित हैं और इन्हीं के माध्यम से समाज में नैतिक मूल्यों का संवर्धन होता है।

आयोजन में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पूरे परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक वातावरण से श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए।

विद्यालय परिवार के वरिष्ठ आचार्यों एवं शिक्षकों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 1500 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, छात्रों ने सांस्कृतिक एवं वैदिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।